सुल्तानपुर में मोतिगरपुर क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बढ़ौनाडीह पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया। मेले में कुल 36 मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर मुफ्त दवाएं वितरित की गईं। अधिकतर मरीज सर्दी, जुकाम, बुखार, पेटदर्द और त्वचा रोग जैसी मौसमी बीमारियों से पीड़ित पहुंचे। पीएचसी में तैनात वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संजीव पांडेय ने सभी मरीजों की जांच की। मौसम के मद्देनजर उन्हें जरूरी सतर्कता बरतने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में संक्रमित और दूषित पानी से बीमारियां तेजी से फैलती हैं। ऐसे में स्वच्छता और खानपान पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। बाहर की तली-भुनी चीजों से परहेज और साफ पानी का सेवन जरूरी बताया। मेले में पहुंची बढ़ौनाडीह निवासी पूनम (30 वर्ष) ने बताया कि वह कई दिनों से बुखार और जुकाम से परेशान थीं। इससे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। यहां जांच के बाद सभी दवाएं मुफ्त में मिली हैं। वहीं, भटपुरवा निवासी अंतिमा वर्मा ने बताया कि उन्हें लंबे समय से पेट की समस्या थी। भोजन के बाद बार-बार शौच की परेशानी हो रही थी। डॉ. संजीव पांडेय द्वारा जांच कर उन्हें मुफ़्त दवा दी गई। मेले में अपनी मासूम बच्ची के साथ पहुंची कटरा निवासी पूनम देवी ने बताया कि उनकी बेटी को पिछले सप्ताह पेचिश की शिकायत थी। बीते रविवार को यहां डॉक्टर से दिखाया था, काफी आराम मिला। आज हल्की समस्या के कारण दोबारा आई हूं। डॉक्टर ने दवा के साथ ही बच्ची को मां का दूध पिलाने की सलाह दी है। स्वास्थ्य केंद्र पर फार्मासिस्ट अशोक कुमार, वार्ड बॉय अनुराग, स्वीपर कम चौकीदार अब्बास उपस्थित रहे।