जम्मू में हुए आतंकी हमले के बाद उत्तर प्रदेश में डीजीपी ने हाई अलर्ट घोषित किया था। इस क्रम में मंगलवार रात सुल्तानपुर में भी पुलिस कप्तान के निर्देश पर पुलिस के अधिकारी व थानेदार सड़कों पर उतर आए। बाकायदा चार पहिया और दो पहिया वाहनों की जहां चेकिंग की गई वहीं पैदल मार्च भी पुलिस अधिकारियों ने किया। शहर में सीओ सिटी प्रशांत सिंह के नेतृत्व में नगर कोतवाली पुलिस सुरक्षा की दृष्टि से मुस्तैद देखी गई। नगर के प्रमुख चौराहों डाकखाना चौराहा, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, अस्पताल चौराहा, पंचरस्ता चौराहा, शाहगंज चौराहा, आंख अस्पताल तिराहा, अमहट व पयागीपुर चौराहे पर पुलिस की मोबाइल टीमों के साथ डायल 112 की टीमें लगा दीं गई थी। स्वयं सीओ सिटी ने नगर कोतवाल धीरज कुमार के साथ वाहनों की चेकिंग किया। संदिग्धो से पूछताछ करके व जरुरी कागजात देखकर ही वाहन छोड़े गए। इसी क्रम में ग्रामीण क्षेत्रो में बल्दीराय में सीओ सौरभ सावंत, कादीपुर में सीओ विनय गौतम और लंभुआ में सीओ अब्दुस सलाम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रात को चेकिंग अभियान चलाने के साथ रूट मार्च किया। शहर से गांव तक पुलिस के सायरन की आवाज सुनकर लोग ये पूछने पर मजबूर हुए कि आखिर हुआ क्या। उन्हें जब एक दूसरे से पता चला कि जम्मू की घटना को लेकर पुलिस को अलर्ट किया गया है तो सभी ने पुलिस अधिकारियों की सतर्कता की प्रशंसा भी किया। इस बाबत सीओ सिटी प्रशांत सिंह ने मीडिया को बताया कि रूटीन प्रक्रिया में पुलिस की गश्त और चेकिंग होती है। आज कुछ अलर्ट्स थे इसके मद्देनज़र पूरे जनपद में पुलिस ने चेकिंग और पैदल गश्त किया है। शाम से लेकर रात तक चेकिंग अभियान चलाया है कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है।