दादूपुर स्थित पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में रविवार को भव्य दीक्षांत परेड का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक (सीआईडी/साइबर क्राइम) विनोद कुमार सिंह ने परेड की सलामी ली और प्रशिक्षुओं को सेवा के लिए समर्पित होने पर बधाई दी। वरिष्ठ आईपीएस ब्रजेश कुमार मिश्रा ने उनका स्वागत किया। लगभग एक वर्ष के कठोर प्रशिक्षण के बाद 653 रंगरूटों ने पुलिस सेवा में कदम रखा। फॉरेंसिक, साइबर, तकनीकी व कानूनी शिक्षा से दक्ष इन जवानों ने अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। परेड के दौरान उपस्थित परिजनों में गर्व और उल्लास का माहौल रहा।