सुल्तानपुर में विरसिंहपुर के 100 शैय्या संयुक्त अस्पताल की बदहाल स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं ने शनिवार को अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने भिक्षाटन कर 420 रुपये एकत्र किए। यह राशि एडी हेल्थ अयोध्या मंडल को भेजने का निर्णय लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि एडी हेल्थ की लापरवाही से अस्पताल में न दवाएं हैं, न उपकरण और न ही मरीजों के इलाज की उचित व्यवस्था। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन के बाद भी जब सुधार नहीं हुआ तो कार्यकर्ताओं ने विरसिंहपुर बाजार में जनता से प्रतीकात्मक रूप से भीख मांगकर यह राशि जुटाई। दुबे ने कहा कि यह कदम अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और ‘चार सौ बीसी’ जैसे खेल को रोकने के लिए उठाया गया है। कार्यकर्ताओं ने एकत्र राशि अस्पताल के नए अधीक्षक को देने की कोशिश की, पर उन्होंने लेने से इनकार कर दिया। अब सोमवार को इस राशि का डिमांड ड्राफ्ट बनवाकर एडी हेल्थ को भेजा जाएगा। विरोध में राकेश सिंह, दिलीप यादव, रामशंकर गौतम, कुलदीप यादव, विनय मिश्रा, रौनक सिंह, देवांश, फूलचंद निषाद, अनिल कोरी, जीतेन्द्र तिवारी, भास्कर देव पांडेय और दिलीप कुमार सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।