सोनभद्र के शाहगंज थाना क्षेत्र के कुसहरा गांव के पास सोमवार की सुबह कार की टक्कर से सड़क पार कर रही गुड्डी (45) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। कुसहरा गांव निवासी बाबूलाल शर्मा के मुताबिक उनकी पत्नी गुड्डी घर के दूसरी तरफ गोबर रखने गई थी। जैसे ही वह वापस होने लगीं, घोरावल की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने साइड में जाकर टक्कर मार दी। उपचार के लिए एक निजी चिकित्सालय से ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल जाते वक्त शाहगंज कस्बे में मौत हो गई। दूसरी तरफ जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराए गए एक लावारिश की मौत हो गई। मृतक कहां का है इसके बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। जिला अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर राॅबर्ट्सगंज पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है।