बेतहाशा बिजली कटौती और पेयजल संकट के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। हाथ पंखा लेकर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की। नेतृत्व कर रहे सपा के जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि सोनभद्र में जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण इलाकों में बिजली कटौती चरम पर है। नगर पालिका क्षेत्र में पानी की समस्या भी बनी हुई है। सरकार का हर घर जल योजना केवल कागजों पर सिमट कर रह गई। मनीष त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा सरकार केवल जनता को परेशान कर रही है। आज जनता बिजली कटौती से आजिज हो चुकी है। युवजन सभा के प्रदेश सचिव प्रदीप यादव ने कहा कि जिले के ग्रामीण इलाकों में हर घर नल से जल योजना के तहत कनेक्शन तो मिला है, लेकिन पानी नहीं आता।