अखिल भारतीय खरवार महासभा की ओर से शुक्रवार को पूर्व विधायक हरिप्रसाद उर्फ घमड़ी सिंह की 20वीं पुण्यतिथि मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन आदिवासी खरवार भवन लोढ़ी में किया गया। यहां पूरे जिले से खरवार समाज के लोग एकत्रित हुए। इस दौरान पूर्व विधायक की स्मृति में बने भवन में सपा सांसद ने जिला प्रशासन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सपा सांसद छोटेलाल खरवार ने पूर्व विधायक की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि हरिप्रसाद गरीबों, वंचितों और आदिवासी समाज की सशक्त आवाज थे। अपने पूरे राजनीतिक जीवन में समाज के हक और अधिकार के लिए संघर्ष किया। सांसद ने कहा कि आज उनके बताए मार्ग पर चलने की जरूरत है और समाज को संगठित होकर आगे बढ़ना होगा। खरवार महासभा के जिलाध्यक्ष एसएन खरवार ने समाज से संगठन की मजबूती बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक हरिप्रसाद ने समाज को एकजुट करने का कार्य किया और उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। कार्यक्रम के दौरान आदिवासी खरवार भवन लोढ़ी पर जिला प्रशासन की ओर से किए गए कथित कब्जे का मुद्दा भी उठाया गया।