पोलियो उन्मूलन के लिए शनिवार को जागरूकता रैली निकाली गई। सीएमओ कार्यालय से डीएम बद्रीनाथ सिंह ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभिभावकों से अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का आह्वान किया। रैली में स्कूली बच्चों के साथ आशा, एएनएम व अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे। रैली सीएमओ कार्यालय से होकर नगर के विभिन्न मोहल्लों और चौराहों से होते हुए वापस सीएमओ कार्यालय पर पहुंची। स्कूली बच्चे सीटी बजाते हुए पोलियो उन्मूलन संबंधी स्लोगन दोहराते हुए लोगों को जागरूक कर रहे थे। सीएमओ कार्यालय पर हुई गोष्ठी में सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार ने कहा कि आठ दिसंबर से दवा पिलाने का अभियान शुरू होगा। पहले दिन बूथों पर दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद छूटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर टीम दवा पिलाएगी। अभियान के तहत 0-5 वर्ष तक के 304194 बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। इसके लिए 1092 फिक्सड बूथ बनाए गए हैं। घर-घर जाकर दवा पिलाने के लिए 698 और सात मोबाइल टीम का गठन किया गया है। इस अवसर एसीएमओ डॉ. आरजी यादव, डॉ. जीएस यादव, गिरधारी लाल आदि मौजूद रहे।