वासंतिक नवरात्र के अंतिम दिन देवी मंदिरों में आस्थावानों की भीड़ उमड़ी। दर्शन-पूजन के साथ भक्तों ने हवन कर नौ दिवसीय अनुष्ठान का समापन किया। कन्या पूजन कर मां को विदाई दी और सुख-समृद्धि, खुशहाली की कामना की। जगह-जगह भंडारों का भी आयोजन हुआ। कुंडवासिनी धाम में 70 हजार तो शक्तिनगर में मां ज्वालामुखी के दर्शन के लिए करीब 30 हजार लोग पहुंचे। रॉबर्ट्सगंज नगर के दंडईत बाबा मंदिर स्थित दक्षिणेश्वर काली मंदिर, मेन चौक स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर, मेन मार्केट स्थित आदि शक्ति दुर्गा मंदिर, आंबेडकर नगर स्थित कड़े माता शीतला धाम, सातो मईया शीतला मंदिर समेत अन्य देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। वहीं चोपन ब्लॉक के कुड़ारी स्थित माता कुंडवासिनी धाम में नवमी पर श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। मुख्य पुजारी अभिमन्यु गिरि के मुताबिक करीब 70 हजार श्रद्धालु पहुंचे। पुजारी अभिमन्यु गिरि, विक्रमा गिरि, अरविंद गिरि, जयविंद गिरि ने भोर में चार बजे मां कुंडवासिनी के विग्रह का फूल, माला, वस्त्र, आभूषण से भव्य शृंगार किया। मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट खोल दिए गए। इसके बाद दर्शन पूजन के लिए देर शाम तक दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। क्षेत्र के करीब 20 गांवों के आदिवासी समुदाय के लोग समूह में जवारी, हाथ में खप्पर और त्रिशूल से जिह्वा का छेदन कर हबुआते हुए मंदिर में पहुंचकर दर्शन पूजन किया। मुंडन संस्कार, अन्नप्राशन और मांगलिक समारोह प्रमुख रहे। मंदिर परिसर में रामायण पाठ, दुर्गा सप्तशती और भजन कीर्तन का आयोजन भी किया गया। मंदिर की सजावट और प्रसाद वितरण में शिवद्वार मंदिर के पुजारी अजय गिरि, मोहन जायसवाल, गंगेश्वर तिवारी, हनुमान जायसवाल, नीरज मोदनवाल, धीरज सिंह, धर्मवीर चौबे, बृजेश चौबे आदि ने योगदान दिया। शक्तिनगर के ज्वालामुखी देवी मंदिर में भी अंतिम दिन हुजूम उमड़ा रहा। प्राधिकृत पुजारी हेमंत मिश्र के मुताबिक करीब 30 हजार लोगों ने नवमी पर दर्शन किए।