सोनभद्र जिले के माध्यमिक विद्यालयों में कोई भी विद्यार्थी फीस के अभाव में प्रवेश से वंचित नहीं होगा। विद्यार्थी के अभिभावक फीस जमा करने में अक्षम होंगे तो विद्यालय प्रबंधन निर्धन छात्र कोष से इसकी व्यवस्था करेगा। बृहस्पतिवार को राजकीय पुस्तकालय में हुई गोष्ठी में डीआईओएस जयराम सिंह ने यह निर्देश दिए। बैठक में जिले के सभी राजकीय व वित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य व शिक्षक मौजूद रहे। विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने की रुपरेखा भी बनाई गई। डीआईओएस ने कहा कि पास आउट बच्चों व उनके अभिभावकाें से संपर्क कर उनका अगली कक्षा में प्रवेश सुनिश्चित कराएं। शैक्षिक पंचांग के अनुसार सभी शिक्षण कार्य व अन्य गतिविधियों का संचालन कराया जाय। प्रत्येक विद्यालय की त्रैमासिक ग्रेडिंग होनी है। सभी विद्यालय इसका निर्धारित कोरम अनिवार्य रूप से पूरा करें। उन्होंने विद्यालयों में सभी स्रोतों से प्राप्त होने वाले बजट का लेखा-जोखा निर्धारित प्रारूप में तैयार रखने के निर्देश दिए। यह भी कहा कि शिक्षण व्यवस्था में सुधार के लिए प्रत्येक माह शिक्षकों का प्रशिक्षण होना है। संबंधित शिक्षक इस प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से हिस्सा लें। अनुपस्थित रहने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।