उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर शनिवार क़ो जिले की तहसीलों में लेखपालों ने धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। रॉबर्ट्सगंज, घोरावल, ओबरा और दुद्धी तहसील कार्यालय में प्रदर्शन के दौरान लेखपालों ने बांह पर काली पट्टी भी बांधी। घोरावल में तहसील अध्यक्ष गोपेंद्र पांडेय के नेतृत्व में लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर अयोध्या के सोहावल तहसील में तैनात लेखपाल उत्कृष्ट दीप की एंटी करप्शन टीम द्वारा की गई गिरफ्तारी के विरोध में आक्रोश जताया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम विशाल कुमार को सौंपा गया। लेखपालों ने आरोप लगाया कि उनके साथी लेखपाल को गलत तरीके से मामले में फंसाया गया है और उनके खिलाफ की गई कार्रवाई बेबुनियाद है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई वापस लेने की मांग की। विरोध के क्रम में लेखपालों ने शनिवार को समाधान दिवस सहित अन्य राजस्व कार्यों का बहिष्कार किया। धरने के दौरान लेखपालों ने कहा कि साथी लेखपाल के साथ न्याय होने तक वे अपनी मांग को लेकर आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने की मांग की। इस मौके पर जिला मंत्री अमित शुक्ल, तहसील अध्यक्ष गोपेंद्र पांडेय, भगत सिंह, रविकांत, आदित्य, सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता, सोनालिका, अल्का, फिरदौस कौसर, रंजीत, आशीष, अशोक शर्मा, गौरव सिंह आदि मौजूद रहे।