चोपन थाना क्षेत्र के पईका गांव में जमीन विवाद को लेकर मंगलवार की शाम दबंगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें दबंगों को महिलाओं और परिजनों पर बेरहमी से हमला करते हुए देखा जा रहा है। घटना के समय मौके पर चकबंदी लेखपाल और कानूनगो भी मौजूद थे। उनके सामने ही पहले महिला को पीटा गया, फिर मौके पर पहुंचे दिव्यांग पिता और युवक पर हमला कर दिया गया। घायल युवक ने बताया कि गांव के विपक्षी पक्ष ने जमीन को लेकर शिकायत की थी, जिस पर जांच के लिए लेखपाल और कानूनगो पहुंचे थे। इसी दौरान बातचीत के दौरान विपक्षी गाली-गलौच पर उतर आए और मां को बांस की फंटी से मारना शुरू कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को सीएचसी चोपन में भर्ती कराया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे दिव्यांग पिता को भी बुरी तरह पीटा गया। पीड़ित युवक ने बताया कि उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। खून से लथपथ हालत में उसने पूरी घटना का वीडियो बनाकर पुलिस को साक्ष्य के तौर पर सौंप दिया। पुलिस ने वायरल वीडियो और पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ नगर डॉ. चारु द्विवेदी ने बताया कि पईका गांव निवासी विजय कुमार पुत्र श्याम लाल की जमीन को लेकर गांव के कुछ लोगों से विवाद था। सूचना मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीन घायल व्यक्तियों का मेडिकल कराकर उन्हें जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।