दुद्धी युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से दुद्धी के टीसीडी मैदान में चल रही ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में मंगलवार को वॉलीबॉल व कबड्डी के मैच हुए। इसमें विभिन्न गांवों की टीमों ने बेहतरीन खेल दिखाया। सब जूनियर बालक कबड्डी में जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालक विद्यालय दुद्धी प्रथम एवं दुद्धी नगर की टीम दूसरे स्थान पर रही। वहीं बालिका सब जूनियर की प्रतियोगिता में बघाडू की टीम विजयी हुई। दूसरे नंबर पर बीड़र की टीम रही। जूनियर वर्ग बालिका वर्ग में बघाडू (ए) टीम विजेता रहीं। दूसरे स्थान पर बीडर (ए) टीम रही। सीनियर बालिका की प्रतियोगिता में मेजर ध्यानचंद अकादमी की टीम प्रथम स्थान तथा दूसरे स्थान पर रजखड़ की टीम रहीं। वॉलीबॉल बालक सीनियर वर्ग में मुरता गांव की टीम प्रथम स्थान रही। वहीं डिस्कस थ्रो में जितेंद्र अग्रहरि प्रथम स्थान पर रहे। वॉलीबॉल जूनियर में दुद्धी की टीम पहले और घिवही दूसरे स्थान पर रहा। अंत में विजयी टीम एवं खिलाड़ियों को ब्लॉक प्रमुख रंजन चौधरी तथा सहायक विकास अधिकारी की तरफ से मेडल व शील्ड देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी धर्मेंद्र कुमार सिंह की देखरेख में संपन्न हुई।