माफिया और मठाधीश को लेकर विवादित टिप्पणी के बाद आक्रोशित भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव का पुतला फूंका। नगर के बढ़ौली चौराहे पर नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने विवादित टिप्पणी की भर्त्सना की। इसे हिंदू विरोधी मानसिकता भी ठहराया। भाजयुमो के जिलाध्यक्ष विशाल पांडेय ने कहा कि मठ और मंदिर के मठाधीश राष्ट्र और समाज के हित में कार्य करते हुए समाज के श्रद्धा के केंद्र हैं। अखिलेश यादव ने सर्वसमाज और विशेषकर संत समाज का अपमान किया है। जिला महामंत्री विनय श्रीवास्तव कहा कि अखिलेश यादव ने एक वर्ग को प्रसन्न करने और राजनीतिक लाभ के लिए यह बयान दिया है। इस मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश जायसवाल, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनूप तिवारी, रजनीश रघुवंशी उपाध्यक्ष, संदीप सिंह जिला मंत्री, अतुल पांडेय, शिवम सिंह राजपूत, दिशांत द्विवेदी, रोशन सिंह, सत्यनारायण मौर्य आदि उपस्थित रहे।