सोनभद्र नगर के पुरानी सब्जी मंडी के समीप बुधवार को विवाहिता की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक विवाहिता कुछ दिनों से बीमार चल रही थी। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उधर, मौत के बाद पहुंचे मायके वालों ने जानबूझकर मारने का आरोप लगाते हुए हंगामा मचाया। इस दौरान मायके व ससुराल वालों के बीच तीखी झड़प भी हुई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुरानी सब्जी मंडी निवासी शुभम केशरी की शादी करीब डेढ़ साल पहले ओबरा के खैरटिया निवासी आरती (32) के साथ हुई थी। आरती तीन माह की गर्भवती थी। परिजनों के मुताबिक तीन-चार दिनों से आरती की तबीयत खराब थी। उल्टी-दस्त की शिकायत पर उसका नगर के निजी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा था। इस दौरान बुधवार की सुबह आरती ने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना पाकर पहुंचे मायके वालों ने हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि ससुराल वालों ने आरती की जान ली है। उनका व्यवहार उसके प्रति अच्छा नहीं था। इसे लेकर मौके पर दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प भी हुई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। कोतवाल सत्येंद्र राय ने बताया कि विवाहिता के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।