रॉबर्ट्सगंज के उरमौरा स्थित डायट परिसर में सोमवार को आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में कुल 304 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद छोटेलाल खरवार एवं सीडीओ जागृति अवस्थी ने भगवान गणपति की पूजन कर की। समारोह में 302 हिंदू जोड़ों के विवाह वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आचार्यों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। वहीं दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह विधिवत कराया गया। योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई, जिसमें 60 हजार रुपये सीधे कन्या के बैंक खाते में भेजे जाएंगें। 25 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी गई और 15 हजार रुपये विवाह आयोजन पर व्यय किए गए। जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि सामूहिक विवाह में रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के 78, घोरावल के 80, करमा के 51, चतरा के 48 और नगवां ब्लॉक के 47 पात्र जोड़ों की शादी कराई गई है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिपं सदस्य मोहन कुुशवाहा, एडीआईओ विनय कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।