एक निजी स्कूल के बच्चे लेने गई वैन में शार्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही देर में वैन धू-धू कर आग का गोला बन गई। बताया जा रहा है की वैन में तीन स्कूली बच्चे भी थे लेकिन चालक ने समय रहते बच्चों को बाहर निकाल लिया। महोली क्षेत्र के हाजीपुर गांव में नर्सरी से इंटर तक एक निजी स्कूल संचालित है। क्षेत्र के ही एक गांव निवासी व्यक्ति की वैन स्कूल के बच्चों को स्कूल लाने ले जाने के लिए स्कूल में लगी है। ग्रामीणों के मुताबिक, शनिवार को चालक स्कूल के बच्चों को लेने रघुनाथपुर व पीतमपुर गांव गए थे, पीतमपुर से तीन बच्चों को बैठाकर वैन दूसरे गांव जा रही थी, इसी दौरान अचानक हुए शार्ट सर्किट से वैन में आग लग गई। आनन-फानन में चालक ने बच्चों को बाहर निकाला। देखते ही देखते हुए वैन आग का गोला बन गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।