सीतापुर में लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में घघरिया नदी में डॉल्फिन दिखने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण किया है। शुक्रवार को कोतवाली क्षेत्र के चंदेसुवा गांव के निकट घघरिया नदी में डॉल्फिन दिखाई देने से क्षेत्र में कौतूहल का माहौल बन गया। भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने नदी में डॉल्फिन को अठखेलियां करते हुए देखा और इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन दरोगा अरविंद गिरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नदी क्षेत्र का निरीक्षण किया। वन विभाग के द्वारा स्थानीय लोगों से डॉल्फिन को किसी प्रकार की हानि न पहुंचाने और नदी के आसपास सतर्कता बरतने की अपील की। डॉल्फिन देखे जाने की सूचना से ग्रामीणों में उत्साह और जिज्ञासा का माहौल बना रहा। ग्रामीणों के द्वारा डॉल्फिन का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया गया। ग्रामीणों ने आशंका व्यक्त की है कि, शिकारियों के द्वारा उसका शिकार भी किया जा सकता है। इस संबंध में वन दरोगा अरविंद गिरी ने बताया कि, वन विभाग की टीम को मौके पर लगाया गया है रेस्क्यू कर सुरक्षित प्रवास में डॉल्फिन को छोड़ा जाएगा।