बिस्कोहर के हनुमान नगर, सिकौथा स्थित श्मशान घाट की सरकारी भूमि पर कथित जुताई के प्रयास को लेकर रविवार को तनाव फैल गया। ग्रामीणों और सभासदों ने विरोध जताते हुए नगर पंचायत प्रशासन पर जबरन कब्जे की कोशिश का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया और काम रुकवा दिया। ग्रामीणों ने तहसील इटवा और थाना त्रिलोकपुर में शिकायत देकर निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम इटवा कुणाल ने मामले की जानकारी लेकर जांच कराने की बात कही।