हरदत्त नगर गिरंट के सरका बरांव गांव में शार्ट सर्किट से बृहस्पतिवार रात एक घर में आग लग गई। इसकी चपेट में आने से घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को और फैलने से रोका। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। सरका बरांव निवासी किश्मत अली मौजूदा समय मुंबई में रहकर मजदूरी करता है। घर पर उसकी मां सायदा ही रहती है। बृहस्पतिवार रात सायदा छत पर सो रही थी। रात करीब एक बजे शॉर्ट सर्किट के कारण घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जब तक परिवार को इसकी जानकारी होती व परिजन शोर मचाते आग की लपटों ने पूरे घर को अपनी आगोश में ले लिया। परिवार की चीख-पुकार सुन पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को काबू किया। आग की चपेट में आने से घर में रखा करीब दो लाख रुपये के जेवर व 30 हजार रुपये नकदी, राशन, कपड़ा, बर्तन सहित पूरा सामान जलकर राख हो गया। विदित हो कि किश्मत अली की पांच माह पूर्व ही नासिरगंज निवासी खुशबू से निकाह हुआ था। घटना में विवाह में मिला दहेज का पूरा सामान भी जलकर राख हो गया। घटना के बाद सायदा का रो रोकर हाल बेहाल है। सूचना पर पहुंचे हलका लेखपाल अशोक चौधरी ने क्षति का आकलन किया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।