भिनगा कोतवाली क्षेत्र के बसंतापुर गांव के पास राप्ती नदी में नहाते समय तीन किशोरियां डूब गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर एक को बचा लिया लेकिन दो नदी की धारा में गायब हो गई। सूचना पर आई पुलिस ने गोताखोरों की मदद से एक किशोरी के शव को बरामद कर लिया है जबकि दूसरे की तलाश जारी है। बसंतापुर गांव निवासी गुंजना, रेशमा और सोनवा थाना क्षेत्र के तरवाताल कठौतिया निवासी रिंका सहेलियों के साथ राप्ती नदी के किनारे भैंस चराने गई थीं। भैंस चराने के बाद वे नदी में नहाने लगीं। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चली गईं। शोर सुनकर पास मौजूद दो युवकों ने रेशमा को बाल पकड़कर बाहर निकाल लिया। जबकि रिंका और गुंजना गहरे पानी में डूब गईं। सूचना मिलने पर सिविल लाइन चौकी प्रभारी विवेक कुमार राठौर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू की। सूचना पर एसडीआरएफ उपनिरीक्षक अंकित यादव और अग्निशमन दल उपनिरीक्षक अरविंद सिंह की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। टीमों ने गुंजना के शव को बरामद कर लिया। रिंका की तलाश जारी है।