श्रावस्ती। मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत परसोहना के मजरा अकालपुरवा निवासी आसाराम यादव ने सोमवार की रात दहशत भरी आवाज में पत्नी को फोन पर कुछ लोगों द्वारा घेराबंदी की बात कही। साथ ही युवक ने जान बचाने की बात कहते हुए मदद भेजने की गुहार लगाई और फिर लापता हो गया। रात से परिजन व पुलिस युवक की तलाश कर रहे हैं, लेकिन कुछ पता नहीं चला है। गांव के पास चकमार्ग से युवक की बाइक व चाकू का कवर बरामद होने के बाद से हत्या की आशंका में परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत परसोहना के मजरा अकालपुरवा निवासी मीना देवी ने बताया कि उनके पति आसाराम यादव शुक्रवार की शाम लगभग चार बजे जमुनहा बाजार जाने की बात कहकर निकले थे। मीना ने आरोप लगाया कि रात लगभग नौ बजे अचानक उन्होंने फोन किया और भट्टाकुट्टी-मनकौरा के बीच होने व कुछ लोगों द्वारा जान से मारने की नीयत से उनकी घेराबंदी करने की बात कही। मीना ने बताया कि डरी आवाज में उनके पति ने तत्काल मदद भेजने की गुहार लगाई। जिसके बाद उन्होंने घर के अन्य सदस्यो को घटना की जानकारी दी और पुलिस को सूचित किया। सभी पुलिस के साथ रात भर उन्हें ढूंढते रहे, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। परिजन आसाराम की हत्या की आशंका जता रहे हैं और महिलाओं की रो-रो कर हालत खराब है। चकमार्ग पर खड़ी मिली बाइक व चाकू का कवर आसाराम की तलाश के दौरान उनकी बाइक खेत के पास चकमार्ग पर खड़ी मिली है। वहीं बाइक के पास से ही एक चाकू का कवर मिला है। चाकू का कवर मिलने के बाद से परिजन डरे हुए हैं और मल्हीपुर थाने पर तहरीर देकर आसाराम को ढूंढने की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, हर पहलू को ध्यान में रखकर आसाराम की तलाश की जा रही है।