श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र में करीब 15 दिन पूर्व एक महिला का शव नाले के किनारे पड़ा मिला था। करीब एक पखवाड़े तक चली छानबीन के बाद पुलिस ने बुधवार को घटना का अनावरण किया जिसमें महिला का प्रेमी ही हत्यारोपी निकला। उसकी निशानदेही पर मृतक का मोबाइल भी बरामद किया गया। इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम सेमगढ़ा में आठ दिसंबर को सांधी नाले के किनारे एक महिला का शव मिला था जिसकी शिनाख्त ग्राम मदारा निवासी सुरेंद्र यादव ने अपनी पत्नी के रूप में की थी। सुरेंद्र की नामजद तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इकौना थाने की पुलिस व एसओजी की टीम ने मामले की छानबीन करते हुए बुधवार को घटना का अनावरण किया। मुखबिर की सूचना पर पटहरिया पुल के पास से हत्यारोपी ग्राम मोहम्मदपुर राजा के मजरा चिरैंधापुर निवासी बाबू उर्फ विजय कुमार पासवान को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी के निशानदेही पर मृतका का मोबाइल भी बरामद हुआ। पुलिस लाइन सभागार में एसपी घनश्याम चौरसिया ने घटना का खुलासा करते हुए मामले की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने बताया कि आरोपी का महिला के साथ प्रेम संबंध था जिसे वह अपने घर ले गया था लेकिन पारिवारिक कलह के चलते उसने महिला से पीछा छुड़ाने के लिए उसकी हत्या कर शव फेंक दिया। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई कर संबंधित रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।