श्रावस्ती में गोहत्या करने के आरोपियों व मल्हीपुर पुलिस के बीच शुक्रवार की सुबह मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक आरोपी ने पुलिस पर फायर झोंक दिया और भागने का प्रयास किया। भागते समय पुलिस ने घेराबंदी कर उसे व उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, गिरोह में शामिल दो आरोपी भागने में सफल रहे। पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती करवाया। गोहत्या के आरोपियों के पास से एक 315 बोर तमंचा, गोवंश व गोहत्या में इस्तेमाल होने वाले हथियार बरामद हुए हैं। एसपी राहुल भाटी ने बताया कि मल्हीपुर थाना क्षेत्र में चार मार्च को गोहत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के बाद मल्हीपुर थाना प्रभारी महेंद्र कुमार सिटी टीम के साथ आरोपियों की तलाश कर रहे थे। इस दौरान पुलिस को शुक्रवार की सुबह मकुनी तिराहे के पास आम के बाग में गोहत्या के आरोपियों के मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली। सूचना पर मल्हीपुर थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी की। इस दौरान एक आरोपी भैंसाही निवासी सईद ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। हमले में थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए और भागने के प्रयास में आरोपी सईद गिर कर चोटिल हो गया। पुलिस टीम ने मौके से भाग रहे दूसरे आरोपी भैंसाही निवासी नफीस, भग्गड़वा निवासी इस्लाम व हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के महजिदिया निवासी वसीम को गिरफ्तार किया। वहीं महजिदिया निवासी बबूल व भैंसाही निवासी सूफियान मौके से फरार हो गए। दोनों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।