यूपी के श्रावस्ती के युवक की शनिवार को बिहार में करंट लगने से मौत हो गई। घरवालों को खबर मिली तो चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर गांव के लोग जमा हो गए। ग्रामीण परेशान परिजन को ढांढस बंधाते रहे। रविवार को अंतिम संस्कार किया गया। मामला हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के ददौरा के मजरा भटपुरवा गांव का है। गांव निवासी नरेश (40) बिहार में रहकर काम करता था। हाल ही में घर आया था। तीन दिन पहले बुधवार को घर से वापस गया था। शनिवार को ठेकेदार के साथ बिजली का काम कर रहा था। इस दौरान करंट लगने से झुलस गया। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। ठेकेदार ने फोन करके घरवालों को घटना की सूचना दी। खबर पाकर परिवार के लोग वहां पहुंचे। वहां पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवारवालों को सौंपा। शनिवार देर रात शव लेकर परिवारवाले घर पहुंचे। रविवार को अंतिम संस्कार किया गया। नरेश की मौत के बाद पत्नी सावित्री देवी, पुत्री पूनम (15), नीता (12) पुत्र प्रभु (5) व कपिल (2) का रो-रोकर बुरा हाल है।