निर्माणाधीन दिल्ली-देहरादून हाईवे पर शामली के भाज्जू गांव में कट की मांग के लिए भाकियू टिकैत के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने पहले दिन मंसूरपुर से शाहपुर तक 18 किमी किसान अधिकार पदयात्रा निकाली। देर शाम कार्यकर्ता शाहपुर पहुंचे। यात्रा के दौरान किसानों ने सरकार से हक मांगा। लंबे समय तक आंदोलन की चेतावनी दी गई। बुधवार को मंसूरपुर से भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के नेतृत्व में किसानों ने पदयात्रा शुरू की। बोपाड़ा पहुंचने पर यात्रा में भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत भी शामिल हो गए। पदयात्रा के दौरान पुरबालियान, बसधाड़ा और चांदपुर में सभा हुई। करीब 18 किमी की यात्रा के बाद देर शाम किसान और भाकियू कार्यकर्ता शाहपुर पहुंचे और रात्रि विश्राम के लिए ठहर गए।