शामली। कस्बा बनत में खेत से ट्रैक्टर पर अपने घर लौट रहे छात्र वासु (18) को कस्बे के युवक ने गोली मार दी। गोली लगने से छात्र गंभीर घायल हो गए। लोगों ने मौके से भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के कस्बा बनत निवासी वासु बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। शनिवार शाम को वासु अपने नौकर के साथ खेत से ट्रैक्टर घर लौट रहा था। जब वह कस्बा बनत में घर की गली में पहुंचा तो वहां खड़े कस्बे निवासी युवक ने फायरिंग कर दी। इस दौरान पेट में गोली लगने से घायल हो गया। गोली चलने से मौके पर अफरा तफरी मच गई। लोगों ने आरोपी को मौके पर पकड़ लिया। परिजन घायल छात्र को जिला अस्पताल में पहुंचे। घायल को मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली और आरोपी को हिरासत में ले लिया। खबर लिखे जाने तक परिजनों की तरफ से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई।