शामली-शामला क्षेत्र में शनिवार शाम भूसे से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पुलिया टूटने से नाले में धंस गईं। घटना शाम करीब छह बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार चौसाना की ओर से भूसे से लदी ट्रॉलियां शामली-शामला स्थित एथेनॉल प्लांट जा रही थीं। ट्रैक्टर चालक नाजिम निवासी हथचोया और तजम्मुल निवासी बुनटा बताए गए हैं। ट्रॉलियों के गुजरने के दौरान नाले की दो पुलिया क्षतिग्रस्त हो गईं और ट्रॉलियां नाले में धंस गईं। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि भारी वाहनों के आवागमन से नाले की पुलिया क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिससे ग्राम पंचायत को नुकसान हुआ है। ओवरलोड वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। महिलाओं और ग्रामीणों ने शुगर मिल के दूषित पानी को लेकर भी शिकायत की। क्षेत्र में काला पीलिया जैसी बीमारी फैलने की आशंका जताई और पानी की जांच कराने तथा समस्या का समाधान कराने की मांग की। ग्रामीणों ने घटना की सूचना 112 पर भी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से जानकारी ली।