शामली के झिंझाना थानाक्षेत्र की चौसाना चौकी क्षेत्र के गांव जिजौला में सोमवार को पिकअप की टक्कर से गांव दथेड़ा के दो युवकों मुकेश व प्रवीण की मौत हो गई थी। मंगलवार को दथेड़ा गांव के ग्रामीण व महिलाओं ने चौकी का घेराव कर हंगामा किया। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिसकर्मी व एक मीडियाकर्मी से मारपीट की और सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए। ग्रामीणों का कहना था कि दुर्घटना में शामिल पिकअप में लदे बर्तन जिस दुकानदार ने मंगवाए थे, उसके सुपुर्द कर दिए। इससे गुस्साएं ग्रामीणों की भीड़ चौकी में घुस गई और जमकर हंगामा किया। उन्होंने पिकअप से सामान उतरवाने और दुर्घटना के आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलने पर सीओ सिटी अमरदीप मौर्य, तहसीलदार ऊन गौरव सांगवान और झिंझाना थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाबुझाकर शांत किया। इसके बाद ग्रामीण चौकी से लौट गए। सीओ सिटी ने बताया कि आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी हुई है। इस मामले में जो भी दोषी होगा उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।