शामली जनपद में कांवड़ यात्रा के दौरान सोमवार को मंगलौरा गांव की शिवभक्तों की टोली अपने अनोखे रूप के कारण आकर्षण का केंद्र बनी रही। रविंद्र, नवीन समेत करीब 20 शिवभक्त शरीर पर पेड़ की टहनियां बांधकर और चेहरे पर भूत के मुखौटे लगाकर कांवड़ लेकर निकले। शिवभक्तों के इस अनोखे रूप को देखकर कांवड़ मार्ग पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया और उनके साथ फोटो भी खिंचवाए। शिवभक्तों ने बताया कि भगवान शिव में उनकी गहरी आस्था है। इसी भक्ति और श्रद्धा को अलग अंदाज में व्यक्त करने के लिए उन्होंने इस बार अनोखे रूप में कांवड़ यात्रा करने का निर्णय लिया। उनका कहना है कि भगवान शिव की भक्ति में अलग रूप धारण करना उनके लिए श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है।