झिंझाना क्षेत्र के केरटू में गेहूं क्रय केंद्र पर बुधवार को अव्यवस्था के चलते किसानों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। बिडोली क्षेत्र के ग्राम आमवाली निवासी किसान सत्येंद्र और सचिन सुबह 7 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली में गेहूं लेकर केंद्र पहुंचे, लेकिन दिनभर इंतजार के बावजूद तुलाई नहीं हो सकी। किसानों का आरोप है कि मौके पर कर्मचारी मौजूद नहीं थे और प्रभारी दीपक कुमार मशीन खराब होने की बात कहकर चले गए, जिसके बाद केंद्र बंद हो गया। शाम तक भूखे-प्यासे खड़े किसानों को केवल आश्वासन ही मिलता रहा, जबकि भीड़ के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी करने में भी दिक्कत हुई। प्रभारी ने बताया कि गोदाम भरे होने और मशीन खराब होने के कारण तुलाई प्रभावित हुई है।