शामली जिला अस्पताल में दिव्यांग प्रमाण पत्र जांच शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों और जांच के लिए मशीन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर दिव्यांगों ने हंगामा कर धरना दिया। उनका कहना था कि उन्हें जांच के लिए मेरठ मेडिकल रेफर किया जाता है। प्रत्येक सप्ताह सोमवार को जिला अस्पताल में दिव्यांग प्रमाण पत्र जांच शिविर आयोजित किया जाता है। मेडिकल बोर्ड द्वारा जांच के बाद प्रमाण पत्र जारी किए जाते हैं, लेकिन कुछ जांच के लिए दिव्यांगों को मेरठ रेफर किया जाता है। इस बार भी कई दिव्यांगों को मेरठ रेफर कर दिया गया।। इसे लेकर दिव्यांगों ने हंगामा कर दिया और धरने पर बैठ गए। दिव्यांगों का कहना था कि उनकी स्थिति मेरठ मेडिकल जाने की नहीं है, लेकिन यहां पर जांच की सुविधा न होना बताया जाता है। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एसीएमओ डॉ. अथर जमील के समझाने पर दिव्यांग शांत हुए। उधर, नोडल अधिकारी डॉ. अथर जमील का कहना है कि अस्पताल में फिजिशियन, एमडी मेडिसिन्स, न्यूरो सर्जन नहीं है। इसके अलावा मांस पेशियाें की जांच के लिए मशीन नहीं है। इस कारण जांच के लिए दिव्यांगों को मेरठ रेफर किया जाता है।