शाहजहांपुर में नौ देवियों की उपासना के महापर्व चैत्र नवरात्र के पहले दिन भक्तों ने सुबह शुभ मुहूर्त में घरों में कलश स्थापना कर मां शक्ति की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही देवी मंदिरों में भजन-कीर्तन शुरू हो गए। मंदिरों में देवी दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे से टाउन हाल रोड स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर, चौक स्थित फूलमती मंदिर, मंडी स्थित मां दुर्गा देवी मंदिर, खिरनीबाग स्थित काली माता मंदिर, बिसरात स्थित काली माता मंदिर, पुवायां-निगोही रोड स्थित मां दुर्गा देवी आदि मंदिरों में मातारानी के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने पहले दिन माता शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की। फल, माता की चुनरी, नारियल और मिठाई का भोग लगाया। देवी मंदिरों में सुबह से भीड़ नजर आई। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिसकर्मी मौजूद रहे।