शाहजहांपुर के पुवायां में छात्र-छात्राओं के जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए शनिवार को तहसील सभाागर में शिविर देरी से शुरू होने पर अभिभावकों ने हंगामा कर दिया। बाद में सभागार में ब्लॉकवार काउंटर बनाकर आवेदन जमा करने का काम शुरू कराया गया। जन्म प्रमाणपत्र के आधार पर ही आधार कार्ड बनेंगे। स्कूलों में पढ़ रहे तमाम बच्चों के आधार कार्ड नहीं हैं। इस कारण एडमिशन आदि में समस्या आ रही है। डीएम के निर्देश पर तहसीलों में जन्म प्रमाणपत्र बनाने के लिए शिविरों का आयोजन करने के निर्देश दिए गए थे। पुवायां तहसील सभागार में शिविर का आयोजन होना था। तमाम अभिभावक और शिक्षक सुबह से ही तहसील आ पहुंचे थे। उधर धरना प्रदर्शन कर रहे वकीलों ने सभागार में ताला डाल रखा था। दस बजे तक जन्म प्रमाणपत्र बनाने का काम शुरू नहीं होने पर अभिभावकों ने हंगामा कर दिया। इसके बाद एसडीएम ने पुलिस बुलवाई और आकर सभाागार का ताला खुलवाया। इसके बाद ब्लॉकवार काउंटर बनाकर जन्म प्रमाणपत्र के लिए आवेदन जमा करने का काम शुरू किया गया। सभागार में खुटार, पुवायां, बंडा और सिंधौली के अभिभावक भारी संख्या में पहुंचने से व्यवस्थाएं बिगड़ गईं। पानी आदि की व्यवस्था न होने से अभिभावक गर्मी और उमस में परेशान घूमते दिखे। उधर जन्म प्रमाणपत्र आदि के लिए शपथपत्र भी साथ में लगाना होता है, लेकिन वकीलों ने धरना प्रदर्शन के साथ ही शपथपत्र भी नहीं बनाए। इससे आवदेन बिना शपथपत्र के ही जमा कराए जा रहे हैं।