शाहजहांपुर में ज्येष्ठ मास की अमावस्या पर सोमवार को सुहागिन महिलाओं ने वट पूजा कर अपने पति की लंबी उम्र की कामना की। सुबह से ही व्रती महिलाएं वट वृक्ष का विधिविधान से पूजन करने लगीं थीं। मान्यता है कि आज के दिन वट वृक्ष की पूजा करने से पति को दीर्घायु प्राप्त होती है। कटिया टोला में साईं मंदिर के सामने, ओसीएफ मंदिर, बाबा विश्वनाथ मंदिर, बाबा बनखंडी नाथ मंदिर, इंदिरा नगर कॉलोनी स्थित ऋषि आश्रम, चौक मंडी के दुर्गा माता मंदिर पर वट वृक्ष की पूजा के लिए सोमवार को सुहागिनों की भीड़ उमड़ीं। महिलाओं ने व्रत कर पूजन किया और प्रसाद चढ़ाया। कई महिलाओं ने घर पर ही बरगद के पेड़ की टहनी का पूजन किया। महिलाओं ने सावित्री और सत्यवान की कथा भी सुनी। महिलाओं ने हलवा-पूड़ी, गुड़, चना, आटे से बनी मिठाई, कुमकुम, रोली, पांच प्रकार के फल, पान का पत्ता, धूप, घी का दीया और जल वट वृक्ष की जड़ों पर अर्पित किया। वट वृक्ष के तने पर कलावा और कच्चे सूत का धागा लपेटकर उसके फेरे लगाए। इस दौरान खरबूजा, बैंगन, चूड़ी, कपड़े आदि दान किया।