शाहजहांपुर के पुवायां ब्लॉक की ग्राम पंचायत हरना नगला के ग्राम छोटा नगला में गांव के लोगों ने प्राथमिक विद्यालय को दूसरे स्कूल में शिफ्ट किए जाने के विरोध में चौपाल लगाकर चिंता जताई। चौपाल में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं और निर्णय का विरोध किया। बृहस्पतिवार को शाम करीब चार बजे गांव के लोग एकत्रित हुए और स्कूल को मर्ज करने पर नाराजगी जताई। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों को दूर स्कूल भेजना खतरनाक हो सकता है। गांव से दूसरे स्कूल जाने के रास्ते में सांड़ और जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है। इससे छोटे बच्चों पर हमला होने की आशंका रहती है। महिलाओं ने पुराने समय को याद करते हुए कहा कि पहले स्कूल दूर भी थे, लेकिन तब रास्ते सुरक्षित थे। इतनी गाड़ियां, छुट्टा पशु नहीं थे। बच्चों के प्रति अपराध के मामले इतने ज्यादा थे। ऐसे में बच्चों को दूर स्कूल भेजना माता-पिता के लिए बड़ी चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने कहा कि सरकार का यह निर्णय उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि सरकार को स्कूल मर्जर के फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए। तय हुआ कि जब भी गांव में सांसद, विधायक या कोई भी जनप्रतिनिधि आएगा, तो वे स्कूल मर्जर का मुद्दा उनके सामने रखेंगे। ग्राम प्रधान के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा जाएगा। चौपाल में सरला, प्रभा देवी, नीलू, सावित्री, मोहनलाल, द्वारिका प्रसाद, नवनीत, सतेंद्र कुमार, अनिल कुमार आदि के हस्ताक्षर है।