शाहजहांपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को जीआईसी के खेल मैदान में सामूहिक राष्ट्रगान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और नागरिकों ने तिरंगा हाथ में लेकर पहुंचकर देश के प्रति एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। शाम पांच बजे से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना की मौजूदगी में सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। राष्ट्रगान के बाद भारत माता की जय के जयकारों से पूरा मैदान गूंज उठा। कार्यक्रम भाजपा के युवा नेता राजकमल वाजपेयी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान ददरौल विधायक अरविंद सिंह, विधायक हरिप्रकाश वर्मा, राज्यसभा सांसद मिथलेश कुमार, श्याम बाबू दीक्षित, डॉ. पुनीत मनीषी आदि लोग मौजूद रहे।