शाहजहांपुर के अल्हागंज थाना क्षेत्र में हुल्लापुर गांव के आगे मंगलवार रात करीब 11 बजे रामगंगा नदी के पुल की रेलिंग तोड़कर गन्ने भरा ट्रक नीचे गिर गया। ट्रक नदी में डूब गया। रात में रेलिंग टूटता देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। देर रात तक रामगंगा के गहरे पानी में वाहन की तलाश जारी रही, लेकिन पता नहीं चला। बुधवार सुबह ट्रक चालक मौके पर पहुंचा। उसने पूरा घटनाक्रम बताया तो पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। ट्रक चालक ने अपना नाम राजपाल बताया। वह रात में गन्ना लेकर चीनी मिल जा रही थी। स्टेयरिंग फेल होने से ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में गिर गया। वह खिड़की से नदी में कूद गया और गोता खाते हुए किनारे पर पहुंचा। वहां से कुछ दूरी पर स्थित मंदिर में उसने रात बिताई। वहीं उसके ट्रक की तलाश में गोताखोरों को नदी में उतारा गया है। ट्रक का पता नहीं चल पाया है।