शाहजहांपुर में पूर्व सैनिक के परिवार को कुछ लोगों ने घर में घुसकर जमकर पीटा। जलालाबाद पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण सीएचसी में कराने की बजाय राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया। यहां वापस सीएचसी जाने के लिए कहा गया तो पीड़ित भड़क गए। उन्होंने बरेली मोड़ पर जाम लगा दिया। जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव खंडहर निवासी छोटेलाल उर्फ माखन सेवानिवृत्त सैनिक हैं। शनिवार सुबह रंजिश में गांव के कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए और पूरे परिवार को पीटा। पिटाई से माखन की पत्नी पार्वती का सिर फूट गया। बेटा वीरेंद्र और मां धनका भी घायल हो गईं। जलालाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी भेजने के स्थान पर राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया। घायल जब राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे तो यहां से वापस जलालाबाद सीएचसी जाने के लिए कह दिया गया। इससे पीड़ित पक्ष के लोग भड़क गए। उन्होंने बरेली मोड़ मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पाकर अजीजगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने का प्रयास किया। चौक कोतवाल राजीव तोमर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर दोपहर करीब 12:30 बजे जाम खुल पाया। इसके बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज में ही घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया।