शाहजहांपुर में रेलवे स्टेशन को जाने वाले मार्ग को दूसरे दिन दोपहर तक बंद रखा गया। इसके चलते ट्रेनों से सफर करने वालों को दुश्वारियां आईं। राहगीरों को भी गलियों से होकर गुजरना पड़ा। पेड़ के चलते पांच दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गई। टिकट घर के सामने साइकिल स्टैंड में खड़े भारी-भरकम पेड़ के गिरताऊ होने के चलते सोमवार को काटने के लिए बैरियर लगाकर काम शुरू किया था। पेड़ के कटान के चलते पूरे दिन लोगों की आवाजाही बंद रही। सबसे ज्यादा उन्हें दिक्कत आई, जो दूसरे जिले से आए थे। यहां के व्यापारियों ने भी पेड़ काटने से होने वाले नुकसान पर नाराजगी जताई थी। रात करीब नौ बजे बैरियर हटाकर आवागमन को शुरू किया। सुबह दस बजे फिर से बैरियर लगाकर रास्ता बंद कर दिया। इसके चलते फिर से लोग परेशान होने लगे। मोहल्ला जलालनगर, भुल्लन खां चौपाल, ढाका ताल, निसरजई समेत तमाम मोहल्लों के लोग निकले तो उन्हें रास्ता बंद मिलने पर गलियों का सहारा लेना पड़ा। वहीं दूसरी ओर रेलवे स्टेशन पर आने वालों का निकलना दूभर हो गया। यात्रियों को महिला थाने के पास ई-रिक्शा चालकों ने उतार दिया। वहां से पैदल ही उन्हें आना पड़ा। इस दौरान लोग काफी परेशान हुए। कार्य के दौरान हाइड्रा का उपयोग किया गया। कर्मियों ने पेड़ की डाल काटकर रास्ते को साफ कर यातायात बहाल किया। आईओडब्ल्यू ओपी शर्मा ने बताया कि कार्य को पूरा कर रास्ता बहाल कर दिया गया।