शाहजहांपुर जिले में यूरिया खाद की कालाबाजारी और बिजली कटौती समेत कई समस्याओं के निस्तारण की मांग कर रहे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सोमवार को खिरनीबाग चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन देकर किसानों की दिक्कतों को दूर करने की मांग की गई। सोमवार को पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे सपा कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष तनवीर खां के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए खिरनीबाग चौराहे पर धरने पर बैठ गए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने चुनाव से पहले किसानों से किए वादे पूरे नहीं किए। किसानों से आमदनी दोगुनी करने का वादा किया था लेकिन अब उनकी फसल ही नहीं बच रही। किसानों को यूरिया नहीं उपलब्ध हो पा रही है। सहकारी समितियों के बाहर किसान दिनभर लाइन में लगा रहता है लेकिन उसे खाद नहीं मिल पाती। खाद की कालाबाजारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसान बिजली कटौती के कारण भी परेशान हैं। किसानों को फसल की सिंचाई करना महंगा पड़ रहा है। शहर में भी जमकर बिजली कटौती की जा रही है। शहर की सड़कें चलने लायक नहीं रह गईं हैं। इन्हें ठीक कराने की जरूरत है। सपाइयों ने ज्ञापन देकर समस्याओं के निस्तारण की मांग की। इस दौरान सपा नेता गायत्री वर्मा, अवधेश वर्मा, रणंजय सिंह यादव आदि मौजूद रहे।