शाहजहांपुर में आयुध वस्त्र निर्माणी इस्टेट स्थित श्रीरामलीला एवं प्रदर्शनी समिति ने शुक्रवार रात अखिल भारतीय कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन किया। इसमें देश के कवियों और शायरों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। रात करीब नौ बजे आयुध वस्त्र निर्माणी के मुख्य महाप्रबंधक अरुण कुमार वर्मा ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विष्णु सक्सेना, चिराग जैन, शकील आजमी, जौहर कानपुरी, शबीना अदीब, जहाज देवबंदी और हिमांशी बाबरा ने रचनाएं सुनाईं। श्रोताओं ने देर रात तक तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। विष्णु सक्सेना ने सोशल मीडिया के कारण कवि सम्मेलनों को हुए नुकसान पर चिंता व्यक्त की। वहीं, शबीना अदीब ने कहा कि रील्स के दौर में भी शायरी की अहमियत बरकरार है। कार्यक्रम में एसएस मीणा, ऋषि बाबू, मदन मोहन त्रिपाठी, बलवीर सिंह, शारिक अली, प्रवेश कुमार और गोविंद वाजपेयी भी उपस्थित रहे।