शाहजहांपुर के कटरा थाने की ओर से क्षेत्र में रहने वाले पुलिस पेंशनरों को धनतेरस एवं दीपावली के उपलक्ष्य में मिष्ठान उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। शासन की मंशा के अनुरूप पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त पेंशनरों के प्रति सम्मान, स्नेह और अपनत्व की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विशेष पहल की गई है। शनिवार को थाना कटरा क्षेत्र के पुलिस पेंशनरों के सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एसपी राजेश द्विवेदी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में तिलहर सीओ ज्योति यादव, सीओ ट्रेनी आकृति पटेल ने पुलिस पेंशनरों को मिष्ठान व उपहार भेंटकर शुभकामनाएं दीं। सीओ ज्योति यादव ने बताया कि पुलिस विभाग अपने पूर्व कर्मियों के अमूल्य योगदान को सदा स्मरण रखता है। इस प्रकार के कार्यक्रमों से विभागीय एकता, आत्मीयता एवं सम्मान की भावना और अधिक मजबूत होती है।