शाहजहांपुर के आरसी मिशन थाना क्षेत्र की नई बस्ती निवासी रामगोपाल विश्वकर्मा (45 वर्ष) की तबीयत बिगड़ने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पत्नी का आरोप है कि रुपये नहीं देने पर डॉक्टर ने लापरवाही कर दी। मृतक का हाथ भी काला पड़ गया। कारपेंटर का कार्य करने वाले रामगोपाल को 31 दिसंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पत्नी मीरा के अनुसार, उनके सीने में दर्द होने पर अस्पताल लेकर आए थे। डॉक्टर जहरीला पदार्थ खाने की बात कह रहे थे। शनिवार तड़के रामगोपाल की मौत हो गई। उनका एक हाथ काला पड़ गया। मृतक की पत्नी मीरा और बेटे पिंकू ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि डॉक्टर ने पहले से मुलाकात नहीं करने की बात कही थी। उनकी मौत के बाद परिजन ने हंगामा किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.राजेश कुमार ने बताया कि मामला जहरीला पदार्थ खाने से संबंधित था। मामले में अभी तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। लिखित में प्रार्थना पत्र आने पर जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।