शाहजहांपुर में कार्तिक कृष्ण प्रदोष व्यापिनी त्रयोदशी तिथि पर मंगलवार को धनतेरस का पर्व मनाया गया। मान्यता के अनुसार धनतेरस पर ऐश्वर्य, धन, आरोग्य, सौभाग्य, सुख आदि में वृद्धि हेतु लक्ष्मी-गणेश के साथ धन्वंतरि भगवान का पूजन किया गया। धनतेरस के दिन बर्तन, सोना, चांदी, झाड़ू आदि खरीदने की परंपरा है। जिसके चलते मंगलवार को सुबह से ही बाजारों में खरीदारी के लिए ग्राहकों का पहुंचना शुरू हो गया। लोगों ने बर्तन, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक्स के सामान के साथ ही दीया, मोमबत्ती, खील-खिलौने आदि की खरीदारी की। शहर के बहादुर गंज बाजार, सदर बाजार, चौक मंडी और जलालनगर बाजार में दुकानदारों द्वारा धनतेरस को लेकर एक दिन पहले से ही तैयारी शुरू कर दी थी। फिर चाहे बर्तन कारोबारी हो या फिर सराफा, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल से जुड़े कारोबारी। इन सभी के शोरूम और दुकानों पर भारी भीड़ रही।