शाहजहांपुर में उत्तर प्रदेश स्काउट और गाइड की ओर से मंडलीय स्काउट/गाइड रैली का सोमवार को आगाज हो गया। स्वामी धर्मानंद सरस्वती इंटर कॉलेज में मुख्य अतिथि डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह और जिला मुख्यायुक्त/डीआईओएस हरिवंश कुमार ने मां शारदे की प्रतिमा के समक्ष दीप जलाकर और गुब्बारे उड़ाकर शुभारंभ किया। इसके साथ ही ध्वजारोहण किया। फिर मंडल के चारों जिलों से यहां आई टीमों में शामिल स्काउट गाइड ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। डीएम धर्मेंद्र प्रताप ने मंडलीय रैली के आयोजन को लेकर शुभकामनाएं दी और रैली में प्रतिभाग करने वाले स्काउट गाइड का उत्साहवर्धन किया। इसके बाद विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि तीन दिन की प्रतियोगिता है। इसमें चारों जिलों की 48 टीमें आई हैं। इनमें स्काउट - गाइड और निर्णायक है। बताया कि 10 प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें प्राथमिक चिकित्सा, साहस प्रदर्शन, कलर पार्टी, मार्च पास्ट आदि होंगी। उन्होंने निर्णायकों से बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उत्साहित करने के लिए अपील की। बोले कि स्काउट गाइड द्वारा संस्कार और सद्भाव को सिखाया जाता है।