शाहजहांपुर में नगर निगम के तमाम वार्डों के पार्षदों ने मंगलवार को जलकल विभाग कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि जलकल के अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। पार्षद दिवाकर मिश्र ने आरोप लगाया कि शहर में जलापूर्ति की पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हैं। लीकेज सही नहीं कराए जा रहे। जलापूर्ति सिर्फ 20 मिनट दी जाती है। उसको बढ़ाने के लिए कई बार अनुरोध करने के बाद भी ध्यान नहीं दिया गया। अधिकारी अपने मनचाहे ठेकेदार से काम करवाते हैं। शहर में बने पांच नए ओवरहेड टैंक से जलापूर्ति सुचारू नहीं है। इसका कारण ट्यूबवेल पर आउटसोर्स पर लगाए गए कर्मचारियों का काम पर न आना है। काम न करने के बाबजूद उनको भुगतान हर माह कर दिया जा रहा है। अधिकारी सुनते तो हैं लेकिन कार्रवाई कुछ नहीं करते। ये सरकार की छवि भी खराब कर रहे हैं। धरना प्रदर्शन के दौरान जलकल के कार्यालय से सभी अधिकारी और कर्मचारी नदारद रहे। धरना देने वालों में पार्षद मनीष गुप्ता, राजेश गंगवार, पार्षद पति छंगेलाल, मनोज आदि शामिल रहे।