शाहजहांपुर में स्वाट टीम और थाना रामचंद्र मिशन पुलिस ने हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। नौ अक्तूबर को मोहल्ला गढ़ी गाड़ीपुरा निवासी आलोक कुमार ने थाना आरसी मिशन में अभिनव मिश्रा, हर्षित मौर्या, आशीष मिश्रा, अरविंद गुप्ता आदि के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में अरविंद फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके ऊपर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। थाना पुलिस, सर्विलांस सेल व स्वाट टीम ने रात साढ़े 11 बजे रोजा अंडरपास के पास नया सेटेलाइट बस अड्डा से उसे हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तमंचा व कारतूस भी बरामद कर लिया।