शाहजहांपुर के आरसी मिशन थाना क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों ने शुक्रवार देर रात मिश्रीपुर गांव निवासी बशीर के घर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। घर में घुसे बदमाश लाखों रुपये की नकदी-जेवर लूट लिए। लॉकर की चाबी देने से इन्कार करने पर बदमाश ने सात साल के बच्चे पर तमंचा तान दिया तो पीड़ित ने चाबी दे दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी होने पर शनिवार को सुबह सीओ सिटी सौम्या पांडेय मौके पर पहुंचीं और पीड़ितों से बातचीत की। सीओ सिटी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं, पीड़ित परिवार काफी सहमा हुआ है।