शाहजहांपुर में बिना किसी पूर्व सूचना के वार्डों में जलापूर्ति बंद करने से पार्षदों का पारा चढ़ गया। शनिवार को गुस्साए पार्षद नगर निगम के जलकल विभाग कार्यालय पहुंच गए और अवर अभियंता का घेराव कर हंगामा शुरू कर दिया। पार्षदों ने चार घंटे का काम 24 घंटे में किए जाने का आरोप भी लगाया। पार्षद अनूप गुप्ता ने कहा कि हम लोग जनता के चुने हुए पार्षद हैं इसलिए जिम्मेदारी है, क्षेत्रीय लोगों की समस्या का समाधान कराएं। पार्षद रामबरन सिंह ने कहा कि यदि कहीं फाल्ट हो जाता है तो उसकी सूचना जलकल विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा पार्षद को देनी चाहिए।